उत्तराखंड की विज्ञान शिक्षिका डॉ ममता पुरोहित को साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राजकीय हाईस्कूल उत्तरौड़ा ( बागेश्वर) की विज्ञान शिक्षिका डॉ. ममता पुरोहित को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारतीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक परिषद और रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन की ओर से यह सम्मान दिया गया है। डॉ ममता पुरोहित की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड में खुशी की लहर है।
भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक परिषद ने साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार के लिए बीते 27 और 28 फरवरी को आनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की। जिसमें देशभर के 10 विज्ञान शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कपकोट तहसील के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उत्तरौड़ा में नियुक्त विज्ञान शिक्षिका डा. ममता पुरोहित ने भी प्रतिभाग किया। शिक्षिका डॉ. ममता देशभर से चुने गए 10 शिक्षकों में दूसरा स्थान पाने में सफल रहीं। वह पुरस्कार पाने वाली उत्तर भारत की एकमात्र शिक्षिका हैं। डॉ ममता पुरोहित के स्कूल और उनके गृहक्षेत्र में हर कोई इस खबर से गौरवान्नित है। उन्हें भारतीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक परिषद और रमन साइंस टेक्नालाजी फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया।
बता दें कि इस अवार्ड के लिए बीते अक्टूबर 2022 में आनलाइन पंजीकरण हुए थे। चयन के लिए उनके शैक्षणिक उपलब्धि, शोध पत्र, छात्राओं के लिए विद्यालय स्तर पर आयोजित की गई वैज्ञानिक गतिविधियां, छात्रों के विकास खंड स्तर से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए गए विज्ञान महोत्सव,बाल विज्ञान कांग्रेस, सीमांत विज्ञान महोत्सव, सामाजिक मानक, बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयास, लिंगभेद मिटाने के लिए प्रयास आदि को दर्ज किया गया। शिक्षिका ने आनलाइन माध्यम से प्रजेंटेंशन दिया। साक्षात्कार के बाद राष्ट्रीय फलक के माध्यमिक शिक्षा वर्ग में उन्होंने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
उत्तराखंड के राज्यपाल रि. ले. जनरल गुरुमीत सिंह ने डॉ ममता पुरोहित को साराभाई राष्ट्रीय वैज्ञानिक शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई दी है। राज्यपाल रि. ले. जनरल गुरुमीत सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा डॉ. ममता जी ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। आपकी यह उपलब्धि देवभूमि की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
Heartiest Congratulations & Best Wishes to #Uttarakhand‘s Dr. Mamta Purohit ji on receiving the Sarabhai National Scientific Teacher Award. Dr. Mamta ji has brought laurels to the entire state. This achievement of yours is a source of inspiration for the daughters of #devbhoomi.
— LT GENERAL GURMIT SINGH (Retd) (@LtGenGurmit) March 9, 2023