श्रीनगर गढ़वाल: अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के डॉ. प्रदीप अंथवाल की सेवानिवृत्ति के अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संगठन तथा जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन, खिर्सू द्वारा संयुक्त रूप से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत प्रस्तुति दी।
संगठन के पदाधिकारियों ने डॉ. अंथवाल का बैज अलंकरण, शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
बीआरसी समन्वयक मुकेश काला ने उनके शैक्षिक एवं सामाजिक जीवन की विस्तृत यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डॉ. अंथवाल वर्ष 2011 में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से संदर्भदाता के रूप में जुड़े। इससे पूर्व उन्होंने गोविन्द बल्लभ पंत पर्यावरण विकास संस्थान अल्मोड़ा (1994-96), दैनिक जागरण दिल्ली (1997), फोर्ड फाउंडेशन अल्मोड़ा (1998), स्वामी रामतीर्थ महाविद्यालय बादशाहीथौल (1999-2000), भुवनेश्वरी महिला आश्रम गैरसैंण-अंजनीसैंण-देहरादून (2000-08), जनशिक्षण संस्थान रानीचौरी टिहरी गढ़वाल (2008-09) तथा टीएचडीसी पीपलकोटी (2009-11) में शोधार्थी, उपसंपादक, प्रवक्ता, निदेशक व विषय विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंथवाल का समाज के प्रति योगदान प्रेरणादायी रहा है।
प्राथमिक शिक्षक संगठन की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ने उनके बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, समाज और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाकर अपने जीवन को सार्थक बनाया। उनका सरल स्वभाव सभी को जोड़ने का संदेश देता है।
वरिष्ठ अध्यापक गोविंद सिंह रमोला एवं पदमेन्द्र सिंह लिंगवाल ने भी उनके सादगीपूर्ण जीवन व कार्यशैली की सराहना की।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्षा श्रीमती रेखा नेगी, चन्द्रमोहन बिष्ट, मुकेश काला, पदमेन्द्र लिंगवाल, मुकेश बहुगुणा, नवीन धारीवाल, किरन नैथानी, सीमा मिश्रा, रेनू भट्ट, वंदना उनियाल, जयदयाल चौहान, देवी प्रसाद पंचभैय्या, प्रकाश रावत, कुसुम काला, सन्ध्या कोठियाल, कुसुम रावत, सीता देवी, लक्ष्मी कुकरेती, रेखा रावत, अरुणा चमोली, माधवानन्द गोदियाल, श्रीकृष्ण सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रेखा नेगी एवं चन्द्रमोहन बिष्ट ने की तथा संचालन गोविंद सिंह रमोला ने किया।



