Elderly woman Pushpa Munjial gave all her property in the name of Rahul Gandhi

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से आज एक चौंका देने वाला वाक्या सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला ने अपनी सारी संपत्ति कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम कर दी है। महिला ने इसके लिए यहां की एक अदालत में वसीयतनामा पेश किया।

वसीयतनामा में अपनी संपत्ति का पूर्ण ब्यौरा देते हुए 80 वर्षीय पुष्पा मुन्जियाल ने न्यायालय से अनुरोध किया कि उनके बाद उनकी पूरी संपत्ति का मालिकाना हक राहुल गांधी को सौंप दिया जाए।

देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने बताया कि बाद में मुन्जियाल ने संपत्ति का वसीयतनामा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर सौंप दिया। पूर्व में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका रहीं मुन्जियाल का कहना है कि उन्होंने राहुल गांधी के विचारों से अत्यधिक प्रभावित होने के कारण अपनी संपत्ति उनके नाम की है। मुन्जियाल ने कहा कि गांधी परिवार ने देश की आजादी से लेकर आज तक, हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है।

बुजुर्ग महिला ने कहा, ‘चाहे इंदिरा गांधी हों या चाहे राजीव गांधी, उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। जबकि सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने देश सेवा के लिए अपने को समर्पित कर दिया है।’ बुजुर्ग महिला ने यह भी कहा कि उनके पिता के देश के प्र​थम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू से भी करीबी संबंध रहे थे। जीवन भर अविवाहित रहीं मुन्जियाल फिलहाल देहरादून के प्रेमधाम वृद्धाश्रम में रह रही हैं।