देहरादून: जोशीमठ भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भू-धंसाव प्रभावितों के नवंबर 2022 से 6 माह तक के बिजली और पानी बिल माफ करने का निर्देश दिए हैं। सीएम के निर्देश पर इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि जोशीमठ आपदा को लेकर हुई कैबिनेट मीटिंग में इस बात का फैसला लिया गया था कि प्रभावित लोगों के नवंबर 2022 से अगले 6 महीने तक के लिए पानी और बिजली बिल माफ किए जाएंगे। आज इसको लेकर सीएम धामी के निर्देश पर आदेश जारी कर दिए गए हैं।

बता दें कि उत्तराखंड के पौराणिक शहर जोशीमठ में पिछले एक महीने से हो रहे भू-धसाव के कारण आई आपदा से अब तक वहां सैकड़ों घरों में दरारें आ गईं हैं। इन घरों में दरारें समय के साथ बढ़ती ही जा रही थी, जिसकी वजह से यहां रहना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं था। प्रशासन ने दरार वाले 863 घरों को चिन्हित किया है, जिसमें 181 घर असुरक्षित जोन में हैं। भू-धंसाव से करीब 282 परिवारों के 927 लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्हें राहत शिविरों में रखा गया है। वहीं, कई आपदा प्रभावितों के लिए फेब्रिकेटेड शेल्टर बनाए जा रहे हैं। सरकार और प्रशासन ने जोशीमठ प्रभावितों को राहत शिविरों में ठहराया है। जहां उनके लिए हीटर, अलाव, कंबल और रजाई की व्यवस्था की गई है। वहीं सरकार का कहना है कि जोशीमठ में अब स्थिति सामान्य हो रही है। स्थिति पूर्णत: सामान्य होने के बाद जोशीमठ का पुनर्वास किया जाएगा।