श्रीनगर गढ़वाल, 28 फरवरी 2025: समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समावेशित दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए वातावरण निर्माण शिविर एवं शैक्षिक प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय नन्दन नगर पालिका जूनियर हाईस्कूल, श्रीनगर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।

खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यूडीआईडी कार्ड, सहायक उपकरण योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, दिव्यांग कौशल विकास योजना एवं ऋण योजना सहित अन्य लाभकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

समावेशित शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समुचित शिक्षण, व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से नवाचारी एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करने हेतु शिविर का आयोजन किया गया। विकासखंड स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया।

शैक्षिक प्रतियोगिताएं

  1. चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड मानचित्र, छायाचित्र, कार्टून चित्र एवं प्राकृतिक आलेखन जैसे विषय शामिल रहे।
  2. गायन प्रतियोगिता में लोकगीत, श्लोक उच्चारण एवं कविता पाठ प्रस्तुत किए गए।

शिविर में आरबीएसके (RBSK) टीम खिर्सू द्वारा प्रत्येक बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा अभिभावकों से काउंसिलिंग के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। टीम में डॉ. अतुल उनियाल, डॉ. स्वाति तडियाल, निर्मला, काउंसलर सपना नेगी एवं दुर्गा नेगी सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।

प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे

चित्रकला प्रतियोगिता:

  1. प्रथम – जिया, सा.वि.म. भक्तियाना
  2. द्वितीय – शौर्य, रेनबो पब्लिक स्कूल श्रीनगर
  3. तृतीय – आरुषि, कक्षा 5

गायन प्रतियोगिता:

  1. प्रथम – शौर्य सिंह, कक्षा 7
  2. द्वितीय – अनुज नेगी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोढगी
  3. तृतीय – सिमरन, कक्षा 4, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कलियासौड़

कार्यक्रम में उदयराम भट्ट, जयदयाल सिंह चौहान, विपिन गौतम, मुकेश बहुगुणा, नवीन धारीवाल, रोहित देवराड़ी, सीआरपी हिमानी, प्रीति, दिव्या सहित अनेक शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अंत में खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन मुकेश काला ने किया। कार्यक्रम ने समावेशित शिक्षा की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश दिया।