पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल के पट्टी मनियारस्यूं स्थित ग्राम थनूल के प्राचीन सिद्धपीठ थानेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित एक आवश्यक बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया।

निर्णय के अनुसार, नई कार्यकारिणी के गठन तक मंदिर की सम्पूर्ण संपत्ति, व्यवस्थापन एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत थनूल को सौंपी गई है। बैठक में बताया गया कि मंदिर का संरक्षण एवं विकास ग्राम पंचायत की नैतिक जिम्मेदारी है, क्योंकि यह धार्मिक धरोहर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आती है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सरकारी मद तथा श्रद्धालु दानदाताओं के सहयोग से किया गया है, जिसमें ग्राम पंचायत थनूल का विशेष योगदान रहा है। कार्यकारिणी भंग करने से पूर्व समिति द्वारा वित्तीय वर्ष का आय-व्यय विवरण सभा पटल पर प्रस्तुत किया गया, जिसे पारदर्शिता के तहत पूर्व में सोशल मीडिया के माध्यम से भी सार्वजनिक किया जा चुका है।

बैठक में मंदिर के विद्युत बिल का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि घरेलू दर पर विद्युत कनेक्शन होने के बावजूद धार्मिक आयोजनों के दौरान अधिक लोड के कारण बिजली बिल लगभग 8 हजार रुपये तक पहुंच गया है, जिसका भुगतान किया जाना शेष है।

इसके अलावा, 9 अप्रैल से ग्राम थनूल मुख्यालय वाली एक नवगठित सामाजिक संस्था द्वारा मंदिर परिसर में शिव महापुराण कथा आयोजन की सूचना समिति को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। समिति ने बिना पूर्व अनुमति आयोजन किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे नियमों के विरुद्ध बताया और आशंका व्यक्त की कि कुछ लोग मंदिर पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। पंचायत चुनावों के बाद गांव में बढ़ती गुटबाजी का असर मंदिर की गतिविधियों पर भी पड़ने की बात कही गई।

समिति ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति आयोजित किसी भी कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में यदि कोई क्षति या विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी। साथ ही इस मामले में विधिक राय भी ली जा रही है।

बैठक में मंदिर समिति के संरक्षक बीएस नयाल, कार्यकारी अध्यक्ष मनमोहन सिंह रावत, ग्राम प्रधान एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष मंगल सिंह लिंगवाल, सचिव दिगम्बर सिंह नेगी, सह सचिव ऋषिबल्लभ डुकलाण, रविंद्र सिंह रावत, यशवंत सिंह रावत, पंडित कैलाश चंद्र थपलियाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष बसंती देवी, पूर्व प्रधान उमा देवी, पूर्व प्रधान विजय लक्ष्मी रावत, बीना देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।