sarayu-river pitoragarh

पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में सरयू नदी में नहाने गए पांच युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। पांचों के शव बरामद किए जा चुके हैं। घटना आज सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले के गणाई गंगोली के धौलियाइजर कूना गांव में सेराघाट के रामपुर से बारात आई थी। अगले दिन दुल्हन की विदाई पर दुल्हन के साथ उसके सगे भाई सहित 5 किशोर दुल्हन के ससुराल रामपुर आये। आज सुबह पाँचों किशोर गंगोली रामपुर से लगभग आधा किमी दूर बहने वाली सरयू नदी में नहाने चले गए। 15 वर्ष से 17 वर्ष के बीच की उम्र के इन किशोरों को नदी के बहाव और गहराई का कोई अनुभव नहीं था। पाँचों नदी में बने ताल में नहाने लगे और अधिक गहराई में जाने पर डूबने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने किशोरों को डूबते हुए देखा। जब तक बचाने वाले पहुंचते उससे पूर्व ही किशोर नदी में डूब गए। और पाँचों की नदी में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सेराघाट पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ मिल कर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पाँचों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में एक दुल्हन का सगा भाई, एक चचेरा भाई तथा तीन किशोर गांव के भाई लगते हैं। इस दुखद घटना के बाद से दुल्हन के घर और मायके में कोहराम मचा है। पुलिस शवों का पंचनामा भरने की कार्यवाही कर रही है।