Dehradun Food Poisoning due to Buckwheat Flour: उत्तराखंड की राजधानी के विभिन्न इलाकों से 100 से अधिक लोग रविवार रात कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए हैं। सोमवार दिन निकलते ही देहरादून के विभिन्न अस्पतालों में पीड़ितों की लाइन लगने पर शासन और प्रशासन में हड़कंप मच गया। फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए लोगों को देहरादून के कोरोनेशन, दून हॉस्पिटल और महंत इंद्रेश अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सुबह ही जिले की 22 दुकानों पर छापे मारकर, कुट्टू आटे के पैकेट सील कर दिए।
पहले स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने अस्पताल का दौरा करके फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए लोगों का हालचाल जाना। उसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीनदयाल उपाध्याय कोरोनेशन अस्पताल जाकर वहां उपचाराधीन पीड़ितों की कुशलक्षेम जानी। उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों में भर्ती लोगों को समुचित इलाज देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाई जाए। फूड प्वाइजनिंग की वजह से कोरोनेशन अस्पताल में 66 और दून मेडिकल कॉलेज में 44 मरीज भर्ती हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिये कि जिन भी अस्पतालों में मरीज आ रहे हैं, उनके इलाज का पूरा प्रबंध किया जाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सहारनपुर से सप्लाई हुए कुट्टू के आटे में मिलावट की संभावना से लोगों का स्वास्थ्य खराब हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर से जिस दुकान के लिए कुट्टू का आटा सप्लाई हुआ है, वह दुकान सील कर ली गई है। उस दुकान से जिन दुकानों के लिए कुट्टू का आटा सप्लाई हुआ है, उनको भी सूचना दे दी गई है। सहारनपुर के जिला प्रशासन को भी देहरादून जिला प्रशासन से इसके बारे में जानकारी दी गई है।
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने मीडिया को बताया कि सभी लोगों ने कल शाम यानी रविवार को पहली नवरात्रि पर कुट्टू के आटे के पकवान खाए थे। इससे देर रात या फिर सुबह को उनकी तबीयत खराब हो गई, जिन्हें देहरादून के दो अलग-अलग सरकारी हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया था। हालांकि मरीजों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अलग-अलग जगहों से कुट्टू का आटा खरीदा था। इसी सूचना के आधार सभी टीमों को अलर्ट किया गया। जहां-जहां से भी कुट्टू का आटा खरीदा गया और सप्लाई हुई, वहां पर पुलिस व प्रशासन की टीमों ने छापेमारी की है। पुलिस की जांच में करीब 22 जगह ऐसे मिली हैं, जहां से कुट्टू का आटा खरीदा गया था, उन जगहों को सील कर दिया गया। इसके अलावा कुट्टू के आटे को जब्त कर दिया गया है ताकि आगे किसी की तबीयत खराब न हो सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मिलावट का यह कारोबार जहां भी हो रहा है, वहां पर छापेमारी कर आटे को जब्त किया जाए। इसे देखते हुए पुलिस टीम को सहारनपुर भेजा गया है, जो मौके पर पहुंच भी गई है। सहारनपुर में जहां-जहां से भी कुट्टू के आटे की सप्लाई हुई है, वहां पर कार्रवाई की जा रही है। सहारनपुर से जिला प्रशासन और पुलिस को भी जानकारी मुहैया करा दी गई है। इसलिए जिस फैक्ट्री में में कुट्टू का आटा तैयार हुआ है, उस फैक्ट्री को सील करने की तैयारी की जा रही है।



