पौड़ी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के सफल आयोजन के पश्चात राजकीय शिक्षक संघ जनपद पौड़ी ने पुनः संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए शैक्षिक उन्नयन हेतु कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में राजकीय शिक्षक संघ की जनपद एवं विकास खंड कल्जीखाल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं अधिवेशन का भव्य आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज मुंडनेश्वर में संपन्न हुआ।

गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह गुसाईं, प्रधानाचार्य, रा.इ.का. मुंडनेश्वर एवं सह निर्वाचन अधिकारी प्रमोद रावत, प्रधानाध्यापक, रा.उ.मा.वि. मिरचोड़ा की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

गोष्ठी के प्रथम सत्र में “शैक्षिक उन्नयन” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए सुनील चौहान, अनीता बलूनी, राकेश भारती एवं संजय कुमार जुगरान ने शिक्षक और छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए नवाचार एवं गुणवत्ता पर बल दिया। इस अवसर पर जिला मंत्री विजेंद्र सिंह बिष्ट, महिला संगठन मंत्री कंचन लिंगवाल, पूर्व जिला संयुक्त मंत्री एवं मंडलीय प्रवक्ता रघुराज सिंह चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं संरक्षक भवान सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।

द्वितीय सत्र में विकासखंड कार्यकारिणी के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारी सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने गए। नव निर्वाचित पदाधिकारियों के नाम इस प्रकार हैं:

  • अध्यक्ष: राहुल नेगी
  • मंत्री: अजय भारती
  • उपाध्यक्ष (पुरुष): सतीश बलूनी
  • उपाध्यक्ष (महिला): अनीता बलूनी
  • संयुक्त मंत्री (पुरुष): विनय कुमार चौधरी
  • संयुक्त मंत्री (महिला): रेनुका बिष्ट
  • आय-व्यय निरीक्षक: कृष्णपाल चौधरी

सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए। सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। शिक्षक समाज को पूर्ण विश्वास है कि नई कार्यकारिणी शिक्षक एवं छात्र हित में समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

इससे पूर्व, निवर्तमान अध्यक्ष रतन सिंह रावत, मंत्री राकेश भारती एवं समस्त कार्यकारिणी ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी गोष्ठी के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षक हितों की आवाज को जनपद, मंडल एवं प्रदेश स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का सफल संचालन संजय कुमार जुगरान ने किया। अंत में राजकीय शिक्षक संघ पौड़ी के जिला संरक्षक जयदीप रावत ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं एवं संगठन को मजबूत बनाने हेतु सहयोग की अपील की।