Uttarakhand new Cabinet : उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। राजभवन में शाम पांच बजे से शुरू हुए शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कुल 11 मंत्रियों ( 8 कैबिनेट मंत्रियों एवं 03 राज्य मंत्रियों) को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, अरविंद पाडेय, बंसीधर भगत, गणेश जोशी, बिशन सिंह चुफाल को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीमती रेखा आर्य, धनसिंह रावत और स्वामी यतीश्वरानंद को राज्य मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सभी कैबिनेट एवं राज्य मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि मंत्रिमंडल के सभी सहयोगी आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के विकास में प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और एक नए उत्तराखंड का निर्माण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर बनाए रखने के लिए आपका सहयोग मिलता रहेगा, इसका मुझे पूरा विश्वास है। प्रदेश के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। सकारात्मक ऊर्जा के साथ समन्वय और सहयोग से हम सभी प्रदेश के विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेंगे।
कुल मिलाकर तीरथ कैबिनेट में आज चार नए चेहरे, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, डीडीहाट से विधायक बिशन सिंह चुफाल और मसूरी विधायक गणेश जोशी को शामिल किया गया है।
कैबिनेट मंत्री
- सतपाल महाराज
- हरक सिंह रावत
- सुबोध उनियाल
- यशपाल आर्य
- अरविंद पाण्डेय
- बंशीधर भगत
- बिशन सिंह चुफाल
- गणेश जोशी
राज्यमंत्री
- धनसिंह रावत
- रेखा आर्य
- स्वामी यतीश्वरानंद



