Kedar Singh Fonia passed away

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तरप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे केदार सिंह फोनिया का निधन हो गया है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने उनके निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन एवं राज्य के विकास में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

92 वर्ष के फोनिया देहरादून के नेहरू कालोनी में रहते थे, वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने व्‍जताया गहरा दुख

मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति, शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

पहली बार 1969 में लड़ा था निर्दलीय चुनाव

केदार सिंह फोनिया ने 1969 में पहली बार विधानसभा के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे। तब 1991 में विधानसभा चुनाव लड़े और यूपी में कल्याण सिंह की सरकार में पर्यटन मंत्री रहे। वर्ष 1993 और 96 में हुए विधानसभा चुनाव में भी जीत गए थे। उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद अंतरिम सरकार में भी वे लोक निर्माण विभाग और पर्यटन मंत्री रहे। उत्तराखंड में 2007 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की थी, लेकिन खंडूरी सरकार में वे मंत्रीमंडल में शामिल नहीं हो पाए थे।