Bachi Singh Rawat passed away

कोरोना संक्रमित पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत का आज रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में निधन हो गया। उन्हें फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण शनिवार रात को हल्द्वानी से हेलीकॉप्टर द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। एम्स के स्टाफ ऑफिसर डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि रविवार रात उनकी हालत अचानक और बिगड़ गई। रात करीब 8:45 बजे उनका निधन हो गया। शनिवार को जब उन्हें लाया गया था तो उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव थी। लेकिन एम्स में उनकी दोबारा कोरोना की जांच की गई, जिसमें वे संक्रमित पाए गए थे। उनके निधन की खबर सुनते ही प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जताया शोक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वरिष्ठ राजनेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री बच्ची सिंह रावत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें, और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करे।