देहरादून: उत्तराखंड बीजेपी के लिए एक दुखद खबर है। उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गोपाल सिंह रावत का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। 60 वर्षीय विधायक लंबे समय से रीढ़ की हडडी के कैंसर से जूझ रहे थे। गत तीन जनवरी को विधायक गोपाल रावत को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद वे देहरादून लौटे और जांच व उपचार के लिए बीच-बीच में मुंबई आते-जाते रहे। इसी माह में उन्हें पीलिया की भी शिकायत हुई। जिसके बाद वे देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को उत्तरकाशी में होगा। उनके निधन पर राजनीतिक व सामाजिक संगठन ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने ट्वीट कर कहा- लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे गंगोत्री के विधायक गोपाल रावत जी के निधन का दुःखद समाचार सुनकर आहत हूं। उनसे जुड़ी कई यादें मेरे स्मृति पटल पर ताजा हो गईं हैं। मन व्यथित है। बीते 17 अप्रैल को मैं उनकी कुशलक्षेम पूछने देहरादून के एक निजी अस्पताल में गया था।