Garhwal Rifles jawan Komal Khushal passes away

सतपुली: पौड़ी जनपद के विकासखण्ड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम कुड़ीगांव निवासी सेना के जवान कोमल खुगशाल का कमांड अस्पताल चंडीगढ़ में इलाज के दौरान निधन हो गया। कोमल खुगशाल 20 गढ़वाल राइफल के जवान थे और वर्तमान में पंजाब के भटिंडा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। करीब 5 दिन पहले ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कमांड हॉस्पिटल चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। जहां 5 दिनों तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।

जवान का पार्थिव शरीर लेकर आज सेना के अधिकारी उनके पैतृक गांव कुड़ीगांव पहुंचे। जहाँ से उनके सतपुली स्थित पैतृक घाट दंगलेश्वर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार  किया गया। इस दौरान सभी क्षेत्रवासियों की आंखें नम थी। उनके पिता रामप्रसाद खुगशाल ने कोमल को मुखाग्नि दी।

पौड़ी जिले के असवालस्यूं पट्टी के ग्राम कुड़ीगांव निवासी 27 वर्षीय कोमल खुगशाल पुत्र रामप्रकाश खुगशाल वर्ष 2012 में 20 गढ़वाल राइफल में भर्ती हुए थे। उनकी 3 वर्ष पहले ही बौंसाल गांव से शादी हुई थी। उनका डेढ़ साल का बेटा कनिष्क भी है। मौजूदा समय में वे पंजाब के बठिंडा में तैनात थे। पिछले सप्ताह ही उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें सेना के कमांड अस्पताल चंडीगढ़ रेफर किया गया। कमांड अस्पताल में 5 दिनों तक उपचार चलने के बाद उनकी मौत हो गयी।