द्वाराहाट : हाल ही में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज द्वाराहाट की मेधावी छात्रा मनीषा आर्या द्वारा अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका सोनिका नेगी के कुशल मार्गदर्शन में भावी कृषि पद्धतियां समाधान एवं चुनौतियां विषय पर बनाया गया विज्ञान मॉडल 47वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किये जाने की ख़ुशी में आज उत्कृष्टता सम्मान समरोह आयोजित किया गया।

सम्मान समरोह में नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह एवं शिक्षक संघ ने मेधावी छात्रा मनीषा तथा मार्गदर्शक शिक्षिका शिक्षका सोनिका नेगी को सम्मानित किया। इस दौरान पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह ने छात्रा मनीषा को 51 सौ रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी। साथ ही छात्रा को मुख्यमंत्री द्वारा भी आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस सम्मान का उद्देश्य प्रतिभावान छात्रा का उत्साहवर्धन करना है। बालिका ने जिस तरह से अपनी प्रतिभा दिखाई है, वह उसके कठिन परिश्रम व शिक्षिका के मार्गदर्शन का परिणाम है।  इस मौके पर उपस्थित लोगों ने द्वाराहाट की प्रतिभावान बेटी की हौसला अफजाई की।

वहीं शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने मेधावी छात्रा मनीषा को उसकी इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही नवाचारी सोच से युक्त मार्गदर्शक शिक्षिका सोनिका नेगी द्वाराहाट की बालिकाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षिका सोनिका नेगी हमेशा से ही अपने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। शिक्षा के साथ-साथ छात्रों में उनकी रूचि और योग्यतानुसार रचनात्मकता का भी सृजन हो इसके लिए हर संभव प्रयासरत रही है। उनके मार्गदर्शन में अब तक विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओ में सफलता अर्जित कर अनेको कीर्तिमान स्थापित किये हैं।

उल्लेखनीय हैं कि साल 2020 के अत्यंत चुनौतीपूर्ण वर्ष में मनीषा ने अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका के मार्गदर्शन में ऑनलाइन अपने मॉडल का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर में किया। तथा बेहतरीन उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर मार्गदर्शक शिक्षिका सोनिका नेगी ने कहा कि मनीषा के घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है। अतः वे छात्रा की उच्च शिक्षा का खर्चा स्वयं उठाएंगी। बालिका सशक्तिकरण हेतु यह उनका छोटा सा प्रयास है। छात्रा मनीषा और उसके अभिभावकों और ग्राम प्रधान ने शिक्षिका एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

मंच संचालन शिक्षक संघ के जिला महा मंत्री बिशन सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष, भूतपूर्व जिला पंचायत सदस्य, शिक्षक संघ के प्रकाश जोशी, बिशन सिंह बिष्ट, माया मेहरा, सुनीता त्रिपाठी, हेमा त्रिपाठी, नीलम सैनी, बबीता, राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों सहित कई लोग उपस्थित रहे रहे।