टिहरी गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज हिंसरियाखाल, ब्लॉक कीर्तिनगर की कक्षा 11 विज्ञान वर्ग की छात्रा कु. नीति ने “राज्य स्तरीय इन्सपायर अवार्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डी.एस. बिष्ट ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामदयाल ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
छात्रा के मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. हर्षमणि पांडेय ने बताया कि नीति ने ऐसा प्रोजेक्ट तैयार किया है, जिससे उम्र अधिक होने पर सिलाई मशीन में धागा डालने की कठिनाई दूर हो जाएगी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्रा को विशेष सुझाव भी दिए।