Career Counseling Program

“जो व्यक्ति मन से कार्य करता है वह कठिन से कठिन कार्य कर सकता है”: प्रो. डीएस नेगी

श्रीनगर गढ़वाल: जनपद पौड़ी गढ़वाल के ब्लॉक खिर्सू स्थित राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत में मंगलवार को छात्राओं के लिए विशेष गर्ल्स करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी, मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.एस. नेगी, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रबंधक विनय रावत, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका श्रीमती पुष्पा नेगी तथा सीएमसी अध्यक्ष श्रीमती रीना रावत द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया। इस दौरान प्रो. डी.एस. नेगी, विनय रावत तथा पुष्पा नेगी को बुके, बैज एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।

विशिष्ट अतिथि पुष्पा नेगी ने छात्राओं को करियर चयन में अपनी अभिरुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने की सलाह दी। वरिष्ठ प्रबंधक विनय रावत ने इंटर व स्नातक स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को साइबर क्राइम के प्रति भी जागरूक किया।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर डी.एस. नेगी (पूर्व डीन ऑफ साइंस, गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर) ने मनोविज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जो व्यक्ति मन से कार्य करता है वह कठिन से कठिन कार्य भी कर सकता है। जो मन से हार जाता है वह कभी सफल नहीं हो सकता।” उन्होंने छात्राओं को परीक्षा को बोझ न समझकर स्वयं को सिद्ध करने का अवसर मानने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार द्वारा छात्राओं को पुरस्कृत किया गया तथा कक्षा 12 की सात छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपयोगी पुस्तकें वितरित की गईं। छात्राओं ने वक्ताओं से करियर संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर शिक्षक डी.बी. घड़ियाल, के.एल. कुंजवाल, अवल सिंह पुंडीर, एम.पी. उनियाल, रामचंद्र भट्ट, दिलीप रावत, राहुल लिंगवाल, वरिष्ठ सहायक कृष्ण कुमार, अमित मुयाल, परिचारिका सीता देवी सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल शिक्षक नरेंद्र कुमार तिवारी ने किया।

अंत में प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने सभी अतिथियों के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।