Glacier broken Lambagad chamoli

Avalanche in Chamoli : उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार भारी बर्फबारी के बाद अब ग्लेशियर खिसकना शुरू हो गया। चमोली जनपद में बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास भारी भरकम ग्लेशियर टूटकर खिसक गया। इतना ही नहीं पहले तो सफेद गुब्बार उठा फिर बर्फ की नदी बहने लगी। जब यहां बहने वाले नाले में ग्लेशियर बहकर आया तो इसकी खबर से लोगों में हड़कंप मच गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्लेशियर टूटने की 12 दिन में यह दूसरी घटना है। हालांकि जहां ग्लेशियर आया वहां मानव आवाजाही नहीं होने से किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार को जब ग्लेशियर नाले में बहकर आया तो बदरीनाथ हाईवे से ही लोगों ने उस घटना को मोबाइल में कैद कर लिया।

वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है कि बर्फ का बहाव काफी तेज था। बर्फ पानी की तरह बहती दिख रही है। जहां ये ग्लेशियर टूटा वह जगह विष्णुप्रयाग जल विद्युत परियोजना के बैराज से कुछ दूरी पर है। चारधाम यात्रा न होने के चलते इस समय पर वहां मानवीय आवाजाही कम ही रहती है।

बता दें कि बीती 30 जनवरी को भी चमोली जिले में ग्लेशियर टूटा था। नीती घाटी के मलारी गांव से 200 मीटर की दूरी पर मलारी नाले में ग्लेशियर टूटने से लोग दहशत में आ गए थे। ग्लेशियर टूटने के बाद करीब पंद्रह मिनट तक क्षेत्र में बर्फ की धुंध छाई रही थी। हालांकि सुबह दस बजे तक स्थिति सामान्य हो गई तब लोगों ने राहत की सांस ली।