हल्द्वानी: लोकसभा चुनावों को लेकर लगी आचार संहिता के बावजूद भी बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में आज शाम को बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नोएडा के एक साप्ताहिक अखबार संडे पोस्ट के कुमांऊ इंचार्ज पत्रकार मनोज बोरा हल्द्वानी स्थित बिठौरियां नंबर एक के शिव शक्ति विहार में रहते हैं। सोमवार शाम को दो युवकों ने उन्हें कालोनी में किराए के मकान की जानकारी के लिए घर से बाहर बुलाया। जैसे ही मनोज घर से बाहर आकर उनसे बाते करने लगे, बदमाशों ने उन पर गोली दाग दी। गोली लगते ही मनोज मूर्छित होकर गिर पड़े। दोनों बदमाश फायरिंग करके भाग गए।
घायल मनोज को तत्काल कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संयोग से गोली मनोज के पैर पर लगी हैं। पुलिस ने घटना की पुष्टि करने के साथ ही पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें:
जश्न मनाने लैंसडौन गए दोस्तों की कार खाई में गिरी, दो की मौत, तीन घायल