शुक्रवार शाम धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री रावत हरक सिंह रावत के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद शनिवार सुबह से लेकर शाम तक उनकी नाराजगी जानने के लिए मीडिया कर्मियों के साथ तमाम भाजपा के नेता उन्हें तलाशते रहे लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। उन्होंने कल रात से ही अपना फोन भी बंद कर रखा था। हालांकि शनिवार सुबह से ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत कई नेताओं के ओर से कहा जा रहा था कि नाराज हरक सिंह रावत और विधायक उमेश शर्मा काऊ को मना लिया गया है। इसकी पुष्टि के लिए सभी की निगाहें हरक सिंह रावत को तलाश करती रहीं। लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं हो पाई।

आखिरकार शाम होते-होते हरक सिंह रावत और भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री निवास पर उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री धन सिंह भी उपस्थित थे। सीएम धामी से मुलाकात के बाद बताया जा रहा है हरक सिंह रावत मान गए हैं। यहां आपको बता दें कि शुक्रवार शाम 7 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब कैबिनेट की बैठक कर रहे थे उसी दौरान हरक सिंह रावत नाराज होकर निकल गए थे। उसके बाद उनके इस्तीफे की खबर आई थी। रात से ही भाजपा हाईकमान हरक सिंह रावत को मनाने में जुटा रहा।