देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को बीजेपी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इसकी पुष्टि की है। इसके साथ ही हरक सिंह रावत को कैबिनेट से भी हटा दिया गया है। काफी दिनों से हरक सिंह बीजेपी से नाराज चल रहे थे। जिसके बाद से ही उनके कांग्रेस में जाने के कयास लगाये जा रहे थे। आज शाम को ही हरक सिंह रावत दिल्ली पहुंचे थे। बताया जा रहा था कि वे अपनी पुत्रवधू अनुकृति के लिए टिकट की पैरवी करने के लिए यहां पहुंचे थे। मगर इस बीच ऐसे राजनीतिक समीकरण बने की बीजेपी ने उन्हें पार्टी से ही बर्खास्त कर दिया है।

वहीं खबर है कि वह कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। हरक सिंह रावत और सोनिया गाँधी की मुलाकात की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरक सिंह रावत सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हरक के साथ 4 विधायक भी कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं। हरक सिंह डोईवाला से चुनाव लड़ सकते हैं। जबकि उनकी बहू अनुकृति गुसांईं को लैंसडाउन से कांग्रेस टिकट मिलने की खबर है।