श्रीनगर गढ़वाल : कोरोना महामारी के चलते देशभर में चल रहे लॉकडाउन के दौरान कोरोना से जंग लड़ रहे हमारे देश के कोरोना वारियर्स (स्वास्थ्य कर्मी, पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी इत्यादि) अपने फर्ज को अहमियत देते हुए मिसाल कायम कर रहे हैं। ऐसे ही एक मिसाल कायम की है, रुद्रप्रयाग जिले में तैनात एक महिला पुलिस कांस्टेबल कविता पंत ने, जिन्होंने अपनी निर्धारित शादी को स्थगित कर कोरोना वारियर्स के रूप में अपनी ड्यूटी पर तैनात रहने का फैसला लिया। साथ ही कोरोना महामारी की स्थिति सामान्य होने तक डयूटी पर तैनात रहने का संकल्प भी लिया।
रुद्रप्रयाग जनपद के कोतवाली रुद्रप्रयाग, चैकी घोलतीर में तैनात महिला कांस्टेबल कविता पंत ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए किये गए लॉकडाउन के चलते 14 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी को स्थगित करते हुए उत्तराखण्ड पुलिस के लिए एक मिसाल कायम की है। वर्ष 2016 बैच की भर्ती महिला कान्स्टेबल कविता पंत श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली है। उनका विवाह देहरादून निवासी संजय पोखरियाल से होना तय हुआ है और आज 14 अप्रैल को उनकी शादी तय थी। परन्तु लाकडाउन के चलते उन्होंने शादी का कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है।
श्रीनगर निवासी कविता पंत के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षक दिलवर रावत, महेन्द्र सिंह नेगी आदि ने कहा कि कान्स्टेबल कविता पंत के इस फैसले से पूरा श्रीनगर गौरवान्वित हुआ है।



