landslide in Rudraprayag

Landslide in Rudraprayag: उत्‍तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सारी गांव में आज सुबह अचानक भूस्खलन होने से लोगों में अफरातफरी मच गई। सारी गांव के झालीमठ में अचानक हुए भूस्खलन से एक शौचालय और गौशाला मौके पर ही जमींदोज हो गए। भूस्खलन से गांव के 11 परिवारों को खतरा पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम ने मौके पर जाकर सभी 11 परिवारों के 67 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करा दिया है। जबकि घटना स्थल पर निरंतर नजर बनाई जा रही है।

अगस्त्यमुनि ब्लॉक के सारी गांव में हुई घटना से गांव और क्षेत्र में दहशत बनी है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 9 बजे सारी गांव के झालीमठ में अचानक भूस्खलन हो गया। ग्रामीणों ने भूस्खलन वीडियो बना दिया और सोशल मीडिया में डाल दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक गौशाला अचानक से धराशाई होकर मलबे के साथ नीचे लुड़क रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद हर तरफ डर का माहौल पैदा हो गया है। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन को टीम मौके पर पहुंची। अचानक हुए भूस्खलन से ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।landslide-in-rudrprayag

जानकारी के मुताबिक भूस्खलन से हरिलाल पुत्र रजी लाल, वीरेंद्र पुत्र रजी लाल अनुसूचित बस्ती ग्राम सारी की गौशाला, शौचालय, क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि किसी भी समय मकान जमींदोज हो सकता है। गांव में भूस्खलन का दायरा लगातार बढ़ रहा है। कई मकान पर भी दरारें आ गई हैं। और जमीन धीरे-धीरे खिसक रही है। रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से 11 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है। जबकि मकानों को खाली किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि खतरे की आशंका को देखते हुए सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। प्रभावित लोगों को स्कूल, पंचायत भवन और रिश्तेदारों के यहां सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कर रही है। 11 परिवारों के कुल 67 सदस्यों को प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन एवं अन्य मकानों में शिफ्ट किया गया है।

देखें विडियो