Uttarakhand Weather News : उत्तराखंड मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज से अगले 5 दिनों तक राजधानी देहरादून समेत 9 जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने 20 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार सहित प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद देहरादून समेत इन जिलों के जिलाधिकारियों ने 20 जुलाई (बुधवार) को अपने अपने जनपद के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनाबाड़ी केन्द्रों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
वहीँ 21, 22 और 23 जुलाई को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इसे लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारी वर्षा का रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा होने की आशंका है। खासकर देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान खिसकने की आशंका है। साथ ही नदी-नालों के अचानक उफान पर आने और जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग ने इसे लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। इसी क्रम में शासन ने सभी जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन, राज्य आपदा मोचन बल, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा है।



