Ganja smuggler arrested in Satpuli

सतपुली : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौडी गढ़वाल, कु. पी. रेणुका देवी के निर्देश पर “नशामुक्त जनपद पौड़ी गढ़वाल” अभियान के तहत जनपद में अपराधों की रोकथाम, नशा, मादक पदार्थों एवं ड्रग्स की बढ़ती प्रवृति पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने व अवैध तरीके से नशीले पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वालों के विरूद्ध पुलिस द्वारा चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसीक्रम में सतपुली थानाध्यक्ष लाखन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आज दोपहर पौड़ी से सतपुली आ रही एक कार (आई-20) को चेकिंग के लिए रोका गया तो कार में 5 बोरों में भरा हुआ 38.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार में मौजूद नेपाल सिंह, उसकी पत्नी प्रभा देवी और बेटे शिवम निवासी जिला अमरोहा उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वह उक्त गांजे को पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मेदानी क्षेत्रों में बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाने हेतु लेकर जा रहे थे। जिस संबन्ध में अभियुक्तों के विरूद्ध थाना सतपुली पर NDPS ACT के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

जनपद पुलिस द्वारा माह जनवरी से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजे की अवैध तस्करी करने पर 22 व्यक्तियों के विरूद्ध 18 अभियोग पंजीकृत कर कुल 330.474 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर वैधानिक कार्यवाही की गयी है|

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लाखन सिंह के अलावा महिला उपनिरीक्षक दीपा शाह, कांस्टेबल देशराज, अर्जुन सिंह और कुलदीप सिंह शामिल रहे।

बरामद मालः

  1. 38 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा
  2. वाहन संख्या UP 21BS0779 (आई-20)