ima passing out parade 2021

IMA passing out parade 2021: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आज बेहद सादगी के साथ जेंटलमैन कैडेट्स की पासिंग आउट परेड संपन्न हुई। पासिंग आउट परेड में कुल 387 जेंटलमैन कैडेट्स पास आउट हुए। इनमें से 319 भारतीय कैडेट्स पास आउट होकर बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय थल सेना में शामिल हो गए हैं। जबकि 8 मित्र देशों के 68 कैडेट्स भी पास आउट होकर अपने-अपने देशों की सेनाओं में शामिल होंगे। इसके साथ ही भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून का नाम देश-विदेश की सेना को 63 हजार 668 युवा सैन्य अधिकारी देने का गौरव जुड़ गया है। इनमें मित्र देशों को मिले 2624 सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकाप्टर हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के कारण इस बार भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) की पासिंग आउट परेड सादगी के साथ हुई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर निरीक्षण अधिकारी परेड की समीक्षा की और पास आउट हो रहे जेंटलमैन कैडेटों से सलामी ली। उनके साथ में कमांडेंड लेफ्टिनेंट जनरल हरिंद्र सिंह और स्वार्ड ऑफ ऑनर विजेता आनमोल गुरुंग भी मौजूद रहे। इसके बाद भावी सैन्य अफसरों की मार्चपास्ट हुई। समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कैडेट्स को अवॉर्ड से सम्मानित किया।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि जनरल रावत में असाधारण नेतृत्व क्षमता थी। उनकी मृत्यु ने एक शून्यता पैदा की है जिसे भरा नहीं जा सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि हम ऐसे वक्त पर यहां एकत्र हुए हैं जब पूरा देश जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन से सदमे में है। राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तराखंड उनका घर था और उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया था। असाधारण कौशल के लिए उन्हें आईएमए में स्वोर्ड ऑफ आनर से भी सम्मानित किया गया था।

वीरभूमि उत्तराखंड ने देश की सेना को दिए  43 सैन्य अधिकारी

वीरभूमि उत्तराखंड के लिए भी यह गौरव का क्षण है, क्योंकि भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से पास आउट होने वाले जेंटलमैन कैडेटों में 43 कैडेट्स उत्तराखंड के हैं। जोकि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। इस बार भी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कैडेटों की संख्या सबसे अधिक 45 हैं।

राज्यवार कैडेट्स लिस्ट

उत्तर प्रदेश से 45, उत्तराखंड से 43, हरियाणा से 34, बिहार से 26, राजस्थान से 23, पंजाब से 22, मध्य प्रदेश से 20, महाराष्ट्र से 20, हिमाचल प्रदेश से 13, जम्मू कश्मीर से 11, दिल्ली से 11, तमिलनाडु से 7, कर्नाटक से 6, केरल से 5, आंध्र प्रदेश से 5,  चंडीगढ़ से 5, झारखंड से 4, पश्चिम बंगाल से 3, तेलंगाना से 3, मणिपुर से 2, गुजरात से 2, गोवा से 2, उड़ीसा से 2, असम से 2, मिजोरम से 2, छत्तीसगढ़ से 2 तथा मिजोरम से 2 कैडेट हैं।

इसके अलावा 68 युवा सैन्य अधिकारी आठ मित्र देशों अफगानिस्तान, भूटान, श्रीलंका, नेपाल, मालद्वीव, म्यांमार, तंजानिया व तुर्किमेनिस्तान की सेना का अभिन्न अंग बने हैं।