IMA passing out parade 2022

IMA passing out parade 2022: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आज (शनिवार को) जेंटलमैन कैडेट्स की पासिंग आउट परेड 2022 संपन्न हुई। इस बार की पासिंग आउट परेड में कुल 344 जेंटलमैन कैडेट्स पास आउट हुए हैं। इनमें से 314 भारतीय मूल के कैडेट्स परेड में अंतिम पग पार कर भारतीय सेना में बतौर अधिकारी शामिल हुए हैं। जबकि 11 मित्र देशों के 30 विदेशी कैडेट्स भी पास आउट होकर अपने-अपने राष्ट्र के सेना में शामिल होंगे। आज पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि Lt Gen Yogendra Dimri AVSM, VSM, GOC-In-C, Central Command थे। जेंटलमैन कैडेट्स ने उन्हें भव्य प्रदर्शन कर परेड ने सलामी दी।

चैटवुड बिल्डिंग में प्रवेश करते ही सभी कैडेट लेफ्टिनेंट पद के ऑफिसर बन गए हैं। जैसे ही कैडेट पास आउट हुए, सेना के तीन हेलीकॉप्टरों ने उन पर पुष्प वर्षा करके उनके उत्साह और खुशी को चौगुना कर दिया। आज की पासिंग आउट परेड में उत्तराखंड के 29 कैडेट्स भी पास आउट हुए हैं।

पवन कुमार को मिला बेस्ट कैडेट का गोल्ड मेडल

आईएमए की पासिंग आउट परेड में बेस्ट जेंटलमैन कैडेट का गोल्ड मेडल पवन कुमार को मिला है। पवन कुमार को स्वार्ड ऑफ ऑनर भी मिला है। बेस्ट कैडेट का सिल्वर मेडल जगजीत सिंह ने पाया है। अभिषेक शर्मा को टीजीसी में रजत पदक मिला है। ब्रांज मेडल पुरापू लिखित ने प्राप्त किया है। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ का सम्मान जोजिला कंपनी को मिला है। बेस्ट मित्र देशों के कैडेट का सम्मान नेपाल के अश्विन को मिला है।

यूपी के सबसे ज्यादा 51 कैडेट्स हुए पास आउट

IMA में पास आउट होने वाले 35 राज्यों के 314 भारतीय कैडेट्स में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के 51 जेंटलमैन कैडेट्स पास आउट हुए हैं। उसके बाद हरियाणा के 30 तथा उत्तराखंड के 29 कैडेट्स आईएमए पासिंग आउट परेड का हिस्सा बने। जबकि बिहार- 24, पंजाब -21, महाराष्ट्र -21, हिमाचल प्रदेश- 17, राजस्थान -16, मध्य प्रदेश -15, दिल्ली-13, केरल-10,  जम्मू कश्मीर-9, कर्नाटक-9, वेस्ट बंगाल के 8, तमिलनाडु- 7,गुजरात- 5, आंध्र प्रदेश के 4, छत्तीसगढ़ -4, असम- 4, मिजोरम-3, चंडीगढ़-2, झारखंड-2, मणिपुर-2, अरुणाचल प्रदेश-1, लद्दाख -1, नागालैंड-1, उड़ीसा-1, तेलंगाना-2, त्रिपुरा-1 तथा इंडियन डोमिसाइल नेपाल का 1 कैडेट्स शामिल हैं।

11 मित्र देशों के कुल 30 कैडेट्स पास आउट

इसके अलावा आज की पासिंग आउट परेड में 11 मित्र देशों के कुल 30 कैडेट्स पास आउट हुए। इनमें भूटान के 13, मालद्वीप-3, म्यांमार-1, नेपाल-2 , श्रीलंका -4, सूडान-1, तजाकिस्तान-2, तंजानिया-1, तुर्किस्तान -1, वियतनाम- 1, उज़्बेकिस्तान से 1 कैडेट्स शामिल हैं। ऐसा पहली बार हुआ कि अफगानिस्तान के जेंटलमैन कैडेट पीओपी में नहीं थे। अफगानिस्तान में तालिबान राज आने के बाद वहां सेना समाप्त कर दी गई है। इस कारण इस बार इस देश के जीसी पीओपी में नहीं थे।