Motibagh Rabasa Home stay

कल्जीखाल : पौड़ी जनपद के विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम सांगुड़ा के प्रगतिशील किसान विद्यादत्त शर्मा ने “मोतीबाग रैबासा” होम स्टे के रूप में क्षेत्र को नई सौगात दी है। ठेठ पहाड़ी शैली से बना “मोतीबाग रैबासा” कल्जीखाल ब्लॉक क्षेत्र का पहला होम स्टे है। उल्लेखनीय है कि बीते 55 साल से खेती-किसानी कर रहे 86 वर्षीय बुजुर्ग किसान विद्यादत्त शर्मा के जीवन पर बनी डाक्यूमेंट्री फिल्म मोती बाग ऑस्कर के ल‌िए चयनित हो चुकी है। जिसके बाद से मोतीबाग उद्यान को देखने, कृषि, उद्यान, जल संग्रहण और मौनपालन की जानकारी लेने के साथ ही बागवानी के गुर सीखने के लिए यहाँ लोगों का लगातार आना जाना लगा रहता है। इसी को देखते हुए यहाँ हार्टिकल्चर टूरिज्म की तर्ज पर पहाड़ी शैली से मोतीबाग रैबासा होमस्टे का निर्माण किया गया है। जिसका विधिवत उद्घाटन आज मोतीबाग स्थापित करने वाले किसान डॉ. विद्यादत्त शर्मा द्वारा किया गया।home-stay-motibag-raibasa

रैबासा होमस्टे के निर्माण में एक साल से रात दिन परिश्रम करने वाले डाक्टर विद्यादत्त शर्मा के पुत्र त्रिभुवन उनियाल ने बताया उन्होंने गुराडस्यूं पट्टी के तीलू रौतेली के गांव से पत्थर एवं कलाकृति वाली चौखट-खिड़किया मंगवायी। जिसमें मोतीबाग रैबासा में केदारनाथ एवं बद्रीनाथ के नाम से कक्ष का नाम केदार खोली तथा बद्री खोली रखा गया। इस रैबासा में स्थानीय उत्पाद की अनाज एवं सब्जियों का खाने में उपलब्ध करेंगे। यह अलौकिक संस्कृति नई पीढ़ी को देखने को मिलेगी। साथ ही यहाँ एकांत में विश्वविधालय के छात्र शोध कर सकते है।home-stay-motibag-raibasa

रैबासा के शूक्ष्म लोकार्पण कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के अलावा डाक्टर विद्यादत्त शर्मा के छोटे भाई सीआर उनियाल, डीआर उनियाल, कमलेश प्रसाद पांथरी, त्रिलोक चन्द थापली, सुनील बड़थ्वाल, पूर्व कर्मचारी नेता सुदामा प्रसाद खरक्वाल, लोक गायक अनिल बिष्ट, लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी के प्रतिनिधि तौर पर उनके मैनेजर विक्रम सिंह रावत, प्रेस क्लब पौड़ी अध्यक्ष राजीव खत्री, वरिष्ठ पत्रकार गणेश खुगशाल गणी, डाक्टर बीपी बलोदी सहित कई मीडिया कर्मी एवं संस्कृति कर्मी मौजूद रहे है।  कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल गणी ने किया।

जगमोहन डांगी