Indian Army Agniveer Vacancy 2026: इंडियन आर्मी में भर्ती होने के इच्छुक लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। भारतीय सेना ने अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन, सैनिक फार्मा समेत विभिन्न पदों पर भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। विभिन्न पदों पर कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (CEE) के लिए आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। सेना ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
अग्निवीर भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल तक आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। अग्निवीर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (CEE) देशभर के 176 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प भरने होंगे, जिनमें से एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। आवेदन शुल्क के रूप में 250 रुपये का ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य रखा गया है। केवल प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
आयु सीमा में बदलाव
अच्छी बात यह है कि इस बार अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट भी दी गई है। ऐसे में जिन कैंडिडेट्स को अपनी उम्र ज्यादा होने की टेंशन हो रही थी, वो भी आवेदन कर सकेंगे। पहले यह सीमा 17½ से 21 वर्ष थी, जिसे अब बढ़ाकर 17½ से 22 वर्ष कर दिया गया है। हालांकि सरकार ने अभ्यर्थियों की मांग के अनुरूप 2 साल तो उम्र नहीं बढ़ाई है लेकिन अब 22 वर्ष तक के कैंडिडेट्स को अग्निवीर भर्ती का फॉर्म अप्लाई करने का मौका मिलेगा। यानी जिन अभ्यर्थियों का जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच हुआ है, वो इसमें आवेदन कर सकते हैं।
कितनी कैटेगरी के लिए आवेदन कर सकते हैं
अग्निवीर कैंडिडेट अपनी योग्यता के आधार पर रेगुलर एंट्री कैटेगरी के अलावा दो अग्निवीर कैटेगरी के लिए अप्लाई कर सकते हैं। दो ऑप्शन चाहने वाले कैंडिडेट को दोनों कैटेगरी के लिए अलग-अलग फॉर्म भरने होंगे और अपनी पसंद की कैटेगरी से जुड़े दो कॉमन एंट्रेंस एग्जाम देने होंगे। हालांकि उन्हें सिर्फ एक रिक्रूटमेंट रैली और ज्यादा फिजिकल फिटनेस टेस्ट/मेडिकल स्टैंडर्ड वाली कैटेगरी के लिए मेडिकल टेस्ट देना होगा। कैटेगरी की प्रायोरिटी कैंडिडेट को एप्लीकेशन स्टेज के दौरान ही भरनी होगी। रिक्रूटमेंट रैली पूरी होने के बाद कैंडिडेट द्वारा फाइनल ऑप्शन पर मुहर लगाई जाएगी। हालांकि मेरिट और सिलेक्शन रेगुलर एंट्री कैटेगरी सहित अलग-अलग कैटेगरी की डिफॉल्ट प्रायोरिटी के आधार पर किया जाएगा।
उत्तराखंड के इन जिलों के युवाओं को मौका
अल्मोड़ा स्थित सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत उत्तराखंड के चार जिलों बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के युवा इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। इस वर्ष अभ्यर्थियों को एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे चयन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। टेक्निकल, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए 12वीं कक्षा विज्ञान वर्ग से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। ट्रेड्समैन पदों के लिए 10वीं और 8वीं पास उम्मीदवार पात्र माने जाएंगे। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।
कद-काठी संबंधी योग्यता
अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं व 10वीं पास के लिए – लंबाई कम से कम 170 सेमी और छाती 77 सेमी हो। 5 सेमी फुलाव के साथ 82 सेमी हो। कुछ राज्यों में लंबाई 169 तो कुछ में 165 तो कुछ में 163 ही मांगी गई है। अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल – 162 सेमी लंबाई हो । छाती 77 सेमी हो। 5 सेमी फुलाव के साथ 82 सेमी हो।
बोनस अंकों का प्रावधान
भर्ती प्रक्रिया में खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक दिए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को अलग-अलग अंक प्रदान किए जाएंगे। एनसीसी ‘C’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक का लाभ मिल सकता है। यह प्रावधान योग्य और प्रशिक्षित युवाओं को अतिरिक्त अवसर देने के उद्देश्य से रखा गया है।
क्या है अग्निवीर भर्ती, कब तक सेवा, क्या मिलेगी सैलरी
- 4 साल के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को घर भेज दिया जाएगा। बता दें कि अग्निपथ योजना के तहत इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स में सैनिकों की 4 साल के लिए भर्ती की जा रही है। 4 साल के बाद 75 फीसदी सैनिकों को घर भेज दिया जाएगा। शेष 25 फीसदी अग्निवीरों को स्थायी जवान नियुक्त किया जाएगा।
- अग्निवीर को चार साल की ट्रेनिंग के दौरान 48 लाख रुपये का मेडिकल इंश्योरेंस रहेगा।
- अग्निवीर ग्रेजुएटी के हकदार नहीं होंगे।
- सेवा के दौरान अग्निवीर इंडियन एयरफोर्स के अस्पतालों और इंडियन एयरफोर्स की सीएसडी कैंटीन का भी लाभ उठा सकेंगे।
- अग्निवीरों को सालाना 30 छुट्टियां मिलेंगी। इसके अलावा सिक लीव डॉक्टर की सलाह पर ही दी जाएगी।
- हर अग्निवीर को भर्ती के पहले साल 30 हजार महीने सैलरी मिलेगी। दूसरे साल अग्निवीर की तनख्वाह बढ़कर 33 हजार, तीसरे साल 36,500 तो चौथे साल 40 हजार रुपये हो जाएगी। हालांकि इनकी सैलरी में से सेवानिधि पैकेज के लिए हर बार 30-30 फीसदी कटेगा। जैसे पहले साल में 30 हजार रुपये मिलने हैं। लेकिन इसमें से 21 हजार रुपये ही उसे दिए जाएंगे। बाकी 30 फीसदी यानी 9 हजार रुपये अग्निवीर सेवा निधि फंड में जमा होंगे। इस फंड में इतनी ही राशि (9 हजार रुपये) सरकार भी डालेगी। चार साल पूरे करने के बाद अग्निवीर की तरफ से सेवा निधि फंड में 02 लाख और सरकार की तरफ से 5.02 लाख रुपये जमा कराए जा चुके होंगे। यानी चार साल की सेवा के बाद सेवा निधि पैकेज में 10.04 लाख रुपये जमा हो जाएंगे। ड्यूटी मुक्त किए जाने की स्थिति में उसे ब्याज लगाकर सेवा निधि पैकेज के तौर पर 11.71 लाख रुपये मिलेंगे।
इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2026 की डिटेल्स
भर्ती निकाय: भारतीय सेना (Indian Army)
पद का नाम: अग्निवीर जीडी/टेक्निकल/असिस्टेंट/ट्रेड्समैन, सोल्जर, सिपाही फार्मी, जेसीओ धार्मिक शिक्षक
ऑफिशियल वेबसाइट: joinindianarmy.nic.in
आवेदन शुरू होने की तारीख: 13 फरवरी 2026
आवेदन करने की आखिरी तारीख: 1 अप्रैल 2026
आवेदन शुल्क का भुगतान करने की आखिरी तारीख: 1 अप्रैल 2026
अग्निवीर परीक्षा तिथि: 1-15 जून 2026
चयन प्रक्रिया: ऑनलाइन कॉमन एंट्रेस एग्जाम (CEE), फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT), फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT), मेडिकल एग्जामिनेशन, फाइनल मेरिट लिस्ट
हाइट: अग्निवीर (जीडी), (टेक्निकल), ट्रेड्समैन/ के लिए-170 सेमी हाइट होनी चाहिए। वहीं अग्निवीर (क्लर्क/स्टोरकीपर टेक्निकल) के लिए 162 सेमी हाइट हो। कैंडिडेट्स का सीना 77 सेमी तक हो, जिसमें 5 सेमी तक फुलाव भी हो।
भर्ती का नोटिफिकेशन: Indian Army Agniveer Recruitment 2026 Notification
आवेदन करने का लिंक: Indian Army Agniveer Vacancy 2026 Apply Online
आवेदन शुल्क: सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस- 250/-
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति- 250/-



