Indian Red Cross Society

पौड़ी : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, पौड़ी शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने चमोली जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र रैणी तथा तपोवन जल विधुत परियोजना का दौरा किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने आपदा से प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों से सम्पर्क किया एवं समिति की ओर से प्रभावितों को सहायता सामग्री, मास्क, सेनिटाइजर, साबुन आदि वितरित किया।

समिति के सदस्यों द्वारा चिपको आंदोलन की प्रणेता श्रीमती गौरा देवी के गाँव रैणी का भ्रमण कर प्रभावित परिवारों से सम्पर्क किया एवं संवेदना व्यक्त की। साथ ही समिति के सदस्यों द्वारा आपदा स्थल रैणी में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अतिसंवेदनशील सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल (वैली ब्रिज) के निर्माण में जुटे BRO (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन), ITBP,  NDRF आदि के जवानों से भी सम्पर्क किया।

इस दौरान समिति द्वारा वैली ब्रिज निर्माण में जुड़े जवान एवं मजदूरों को मास्क, राहत सामग्री साबुन एवं बाल्टी आदि समान वितरित किया गया। इस मौके पर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा के दौरान समस्त जवानों द्वारा आपदा से बचाव हेतु किये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की रेडक्रॉस समिति पौड़ी सराहना करती है।

रेडक्रॉस समिति की पाँच सदस्यों की टीम के केशर सिंह असवाल (चैयरमैन, मैनेजिंग कमेटी), राम सिंह नेगी (टीओटी), रघुराज सिंह चौहान (आजीवन सदस्य), किशोर रौतेला (आजीवन सदस्य) एवं प्रदीप रावत (मीडिया प्रभारी/आजीवन सदस्य) द्वारा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया गया।