New Chief Justice Nainital High Court: न्यायमूर्ति विपिन सांघी उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। मंगलवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि) गुरमीत सिंह ने राजभवन में न्यायमूर्ति विपिन सांघी को शपथ दिलाई। जस्टिस विपिन सांघी ने नैनीताल हाईकोर्ट के 12वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल व सौरभ बहुगुणा सम्मिलित हुए। इससे पहले उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी से पहले न्यायमूर्ति अशोक देसाई, एचएस कपाड़िया, विकास श्रीधर शिरपुरकर, सीरियक जोसेफ, राजीव गुप्ता, विनोद गुप्ता, जेएस खेहर, बारिन घोष, केएम जोसेफ, रमेश रंगनाथन और राघवेंद्र सिंह चौहान उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं।
न्यायमूर्ति विपिन सांघी का जन्म 27 अक्टूबर 1961 को नागपुर में हुआ। साल 1965 में वो परिवार के साथ नागपुर से दिल्ली स्थानांतरित हो गए। दिल्ली में स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने 1983 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी गणित (ऑनर्स) से स्नातक किया और उसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी से एलएलबी किया। इसी वर्ष उन्होंने एक वकील के रूप में दिल्ली बार काउंसिल में दाखिला लिया। वे 11 फरवरी, 2008 को एक न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए। न्यायमूर्ति विपिन सांघी के दादा स्वर्गीय वीके सांघी और पिता स्वर्गीय जीएल सांघी भी वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं।