उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की चर्चित लैंसडाउन विधानसभा सीट से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी रह चुकी ज्योति रौतेला को कांग्रेस हाईकमान ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस आलाकमान ने कांग्रेस की महिला नेत्री ज्योति रौतेला को उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनाया है। बता दें कि उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जाने के बाद यह पद खाली पड़ा था। आज कांग्रेस आलाकमान ने इस पद पर ज्योति रौतेला की नियुक्ति की है। इसके साथ ही कांग्रेस ने चार महिला उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। कांग्रेस ने उन महिलाओं को सम्मान देने का प्रयास किया, जो कांग्रेस से टिकट मांग रही थी।
उल्लेखनीय है कि इस बार ज्योति रौतेला लैंसडाउन विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट पाने की प्रबल दावेदार थी। परन्तु इसीबीच भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की पुत्रवधु अनुकृति रावत गुसाई को कांग्रेस पार्टी की ओर से लैंसडौन से प्रत्याशी बनाया गया है। जिसके बाद कांग्रेस आलाकमान ने ज्योति रौतेला को महत्वपूर्ण पद पर देकर डैमेज कंट्रोल का प्रयास किया गया। इसके अलावा चार महिला नेत्रियों कमलेश रमन, अलका पाल, भागीरथी बिष्ट, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।