leopard-come-in-the-house

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में अक्सर तेंदुए (गुलदार) का आतंक लगातार बना रहता है। अभी कुछ दिन पहले ही श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के कैंपस में दिनदहाड़े तेंदुआ घुस गया था. जिसे पकड़ने में वन विभाग की टीम के पसीने छूट गए थे। करीब 30 घंटे से ज्यादा समय के बाद तेंदुए को गोली से मारना पड़ा था। आज सुबह पिथोरागढ़ जनपद के बेरीनाग में दिनदहाड़े एक घर में तेंदुआ घुस जाने से हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 10 बजे बेरीनाग के नया बजार स्थित मनमोहन मेहता के मकान की गैलरी में एक तेंदुआ देखा गया। मनमोहन मेहता की मां शीला मेहता ने कुत्ता समझ उसे लाठी से भगाने की कोशिश की तो तेंदुआ गुर्राने लगा। महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को देखकर तेंदुआ घर के अंदर घुस गया। सूचना मिलते ही अल्मोड़ा से मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम व पुलिस ने तत्काल लोगों को वहां से हटाकर तेंदुए को पकड़ने के लिए दरवाजे के पास पिंजरा लगा दिया। काफी मस्सकत के बाद रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को पिंजड़े में कैद किया।