maneater-leopard-killed-by-

पौड़ी गढ़वाल: बीते 2 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल के पाबौ ब्लॉक के कुलभौंरी गाँव में अपनी माँ के साथ खेत में गई 10 वर्षीय बालिका मीनाक्षी नेगी को निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए का आख़िरकार आज खात्मा हो गया है। बतादें कि बीते 2 अक्टूबर को कुलभौंरी गाँव के नागेन्द्र सिंह नेगी की 10 वर्षीय मासूम बच्ची को नरभक्षी तेंदुए द्वारा निवाला बनाए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने 3 अक्तूबर को बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया था। इसके साथ ही ग्रामीणों से एसडीएम सदर व सीओ सदर का घेराव कर नरभक्षी तेंदुए को जल्द से जल्द मारने की मांग की थी। जिसके बाद से प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर नरभक्षी तेंदुए को मारने के आदेश देने के साथ गांव में तीन पिजड़े लगाकर शिकारी तैनात कर दिया था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कल रात शिकारी अजहर खान का तेंदुए से सामना हुआ था। जहां शिकारी अजहर खान की गोली से तेंदुआ घायल होकर भाग गया था। आज सुबह एक बार फिर शिकारी अजहर खान को जैसे ही तेंदुआ दिखा शिकारी अजहर खान ने एक और गोली से तेंदुए को वहीँ ढेर कर दिया। तेंदुए के मरने की खबर सुनते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तेंदुए की उम्र करीब 6 साल है। वन विभाग की ओर से अभी भी एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पिंजरे लगा रहे हैं। मारे गए तेंदुए के साथ ही क्षेत्र में और भी तेंदुए देखे गए हैं।

यह भी पढ़ें:

6 साल के मासूम पर आवारा कुत्ते ने किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में एम्स में भर्ती, सिर पर लगे हैं 20 टांके