teelu-rauteli-award

Teelu Rauteli Award: उत्तराखंड सरकार वीरबाला तीलू रौतेली के जन्मोत्सव पर हर वर्ष 8 अगस्त को समाज मे उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की वीरांगनाओं को प्रतिष्ठित “वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार” से सम्मानित करती आ रही है। इस वर्ष भी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए चुना गया। इसके अलावा 35 आंगनबाड़ी कर्मचारियों का चयन आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए चुना गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को आईआरडीटी सभागार सर्वे चौक में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार 2022-23 प्रदान किये। इस वर्ष 14 महिलाओं को राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार एवं 35 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को 51-51 हजार रूपये की धनराशि उनके खाते में डिजिटल हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि  विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित कर वे स्वयं गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली ने 15 वर्ष की उम्र में युद्ध भूमि में अपने रण कौशल द्वारा अपने विरोधियों को परास्त किया था। अपूर्व शौर्य, संकल्प और साहस की धनी वीरांगना तीलू रौतेली को उत्तराखंड की झांसी की रानी कहकर याद किया जाय तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने 15 से 22 वर्ष की आयु के मध्य सात युद्ध लड़े और अपनी वीरता और रण कौशल का परिचय दिया। राज्य सरकार ने तीलू रौतेली पुरुस्कार की धनराशि 31 हजार रुपए से बढ़ाकर 51 हजार रुपए की है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार की धनराशि भी 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। माता-पिता के बाद बच्चों को संस्कार देने की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्रों से ही होती है। राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 7500 रुपए से बढ़ाकर 9300 रुपए किया है। मिनी आंगनबाड़ी बहनों के मानदेय को भी 4500 से बढ़ाकर 6250 और सहायिकाओं का मानदेय 3550 से 5250 रुपए किया है।

इन्हें मिला तीलू रौतेली सम्मान

इस वर्ष उत्तराखंड की गोल्डन गर्ल चमोली की मानसी नेगी, विश्व पैरा एथलेटिक्स अल्मोड़ा की गरिमा जोशी, मुक्केबाजी के अपने सपने को पूरा करने के लिए अपनी बोर्ड परीक्षा छोड़कर स्वीडन में स्वर्ण पदक जीतने वाली पिथौरागढ़ की निवेदिता कार्की, राज्य स्तरीय पैरा खिलाड़ी बागेश्वर की मोहिनी कोरंगा, कला एवं योग के क्षेत्र में चंपावत की शांभवी मुरारी, पर्वतारोहण दिव्यांग वर्ग में देहरादून की अमीशा चौहान, खेल में ताइक्वांडो की राज्य स्तरीय खिलाड़ी हरिद्वार की दिव्या भारद्वाज, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में काम पर नैनीताल की मंजू पांडे, महिला रोजगार के क्षेत्र में काम पर पौड़ी की नूतन पंत, खेल, पर्यावरण में रुद्रप्रयाग की प्रीति, खेल में टिहरी की हिमानी, खेल दिव्यांग वर्ग में ऊधमसिंह नगर की नीलिमा राय एवं साहसिक कार्य के क्षेत्र में उत्तरकाशी की ममता को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित महिलायें:

  • अल्मोड़ा-गरिमा जोशी
  • बागेश्वर- मोहिनी कोरंगा
  • चमोली-मानसी नेगी
  • चंपावत-सांभवी मुरारी
  • देहरादून-अमीशा चौहान
  • हरिद्वार-दिव्या भारद्वाज
  • नैनीताल-मंजू पांडेय
  • पौड़ी- नूतन पंत
  • पिथौरागढ़-निवेदिता कार्की
  • रुद्रप्रयाग-प्रीति
  • टिहरी-हिमानी
  • यूएसनगर-नीलिमा राय
  • उत्तरकाशी- ममता

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली के जन्मदिवस के सुवअसर पर आधुनिक तीलू रौतेली व आंगनबाडी कार्यकत्रियों का सम्मान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए राज्य में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। दोनों पुरुस्कारों की धनराशि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव समाप्त कर ही समाज में महिलाओं की तरक्की सुनिश्चित हो सकती है।  उन्होंने तीलू रौतेली एवं ऑगनबाड़ी पुरूस्कार प्राप्त करने वाली महिलाओं को बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास हरि चन्द्र सेमवाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।