पौड़ी गढ़वाल: देवभूमि उत्तराखंड को वीरभूमि और सैनिकों की भूमि यूं ही नहीं कहा जाता। आजादी से पहले और आजादी के बाद भी प्रदेश के लगभग हर गांव ने देश की रक्षा के लिए अपने वीर सपूतों का बलिदान दिया है। इन्हीं वीरों में एक नाम पट्टी मनियारस्यूं, विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम कलेथ के वीर सपूत शहीद मुकेश कुमार पांडे का भी है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए मात्र 25 वर्ष की आयु में सर्वोच्च बलिदान दिया।
बताया जाता है कि वर्ष 1997 में तत्कालीन भारत सरकार द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र से आतंकवाद समाप्त करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन रक्षक के दौरान 16 मार्च 1997 को शहीद मुकेश कुमार पांडे अपने दो साथियों के साथ वीरगति को प्राप्त हो गए थे। देश की रक्षा करते हुए उनके इस सर्वोच्च बलिदान को आज भी क्षेत्रवासी गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं।
शहीद की स्मृति को जीवित रखने के लिए उनके परिजनों और ग्रामवासियों द्वारा उनके जन्मस्थान ग्राम कलेथ में शहीद मुकेश कुमार पांडे स्मारक समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा हर वर्ष 16 मार्च को उनके शहादत दिवस पर शहीदी दिवस का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है।
इसी क्रम में इस वर्ष भी 16 मार्च को ग्राम कलेथ में शहीद मुकेश कुमार पांडे का शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट श्रीमती सविता देवी उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक संगठन के जिला अध्यक्ष मेजर राजेंद्र सिंह राणा तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शहीद मनीष पटवाल के पिता जगमोहन पटवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठनों से जुड़े सैनिक, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
शहीद मुकेश कुमार पांडे के परिजनों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों द्वारा शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया जाएगा। साथ ही लोगों ने मांग की है कि जिन गांवों के वीर सपूतों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है, उन गांवों में सरकार द्वारा शहीदों की स्मृति में मेले आयोजित किए जाने चाहिए और वहां सड़क, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शहीदी दिवस के अवसर पर निरंकार भगवान के मंदिर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे।
जगमोहन डांगी



