LANDSLIDE IN DEVPRAYAG: उत्तराखंड में इन दिनों मानसून की बारिश लगातार जारी है। भारी बारिश और भूस्खलन से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में जगह जगह मोटर मार्ग अवरुद्ध हो रहे हैं। वहीं पहाड़ दरकने से लोगों की जान पर खतरा भी मंडरा रहा है। ताजा मामला देवप्रयाग क्षेत्र का है।

संगम नगरी देवप्रयाग में सोमवार को भारी बारिश के चलते भीषण भूस्खलन हुआ। भूस्खलन से नृसिंहगाचल पर्वत का एक हिस्सा दरक गया। इसके साथ ही कई टन वजनी बोल्डर तेजी से नीचे लुढ़कते हुए बाह बाजार में आ गिरे। इन बोल्डरों की चपेट में आकर कुछ मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीँ मलबे की चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। तथा दो वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। हादसे में दो मोटरसाइकिलें और एक पिकअप वाहन भी बोल्डरों के नीचे दब गए। इसके अलावा, कई बिजली के खंभे भी टूट गए, जिससे इलाके में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।

पौड़ी गढ़वाल एसडीएम दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व की टीम को मौके के लिए भेज दिया गया है। जो भी जनहानि हुई है, उसका आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही राहत और बचाव का काम किया जा रहा है।