car-accident-kaljikhal

पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल ब्लॉक के अंतर्गत मुंडनेश्वर भेटी मार्ग पर मुंडनेश्वर के नजदीक एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई। सूचना के मुताबिक कल्जीखाल-भेटी-बौंसाल मोटर मार्ग पर रविवार रात मुंडनेश्वर से भेटी की ओर जा रहा मैक्स वाहन (टैक्सी) मुंडनेश्वर के नजदीक अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिर गया. इस हादसे में वाहन सवार 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कल (रविवार) रात करीब 9:00 बजे पवसोला गांव के चार ग्रामीण मैक्स में सवार होकर मुंडनेश्वर से वापस गांव की ओर लौट रहे थे। इसीबीच मुंडनेश्वर से चंद दूरी पर ही उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में चारों ग्रामीण घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलो को खाई से बाहर निकालकर 108 सेवा के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया। जहां आज सुबह गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि दुर्घटना में सुदामा प्रसाद पुत्र शम्भू प्रसाद उम्र 44 और विजय प्रसाद मंजेड़ा पुत्र नारायणदत्त उम्र 42 वर्ष निवासी पवसोला गांव का निधन हो गया है। जबकि चालक पीयूष और लक्ष्मण प्रसाद का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक विजय प्रसाद मुंडेश्वर इंटर कॉलेज में चर्तुथ श्रेणी कर्मचारी के पद पर सेवारत थे। जबकि सुदामा प्रसाद लॉकडाउन के दौरान घर लौटे थे। वाहन पीयूष चला रहा था।