चमोली : चमोली जनपद के निजमुला घाटी के सैंजी मार्ग पर शनिवार रात एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात बिरही निजमुला मोटर मार्ग पर एक मैक्स वाहन सैंजी की ओर जाते हुए अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। मैक्स में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस तथा एनडीआरएफ की टीम देर ने रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद बीती रात दो लोगों के शव खोजे जा सके। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू आपरेशन में दिक्कतें आ रही थी जिसके बाद रविवार को सुबह पुनः सर्च अभियान में अन्य 2 शव भी मिल गए। चारों शवों का पंचनामा भरने के बाद शवों को जिला चिकित्सालय लाकर पोस्टमार्टम किया गया। मृतकों में सैंजी गांव के हिम्मत सिंह पुत्र धन सिंह (40), नरेंद्र सिंह पुत्र थान सिंह (36), मदन राम पुत्र माधव राम गांव तथा व्यारा गांव के लक्ष्मण सिंह पुत्र नारायण सिंह (62) शामिल हैं। पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए हैं।