पौड़ी गढ़वाल : गढ़वाल भ्रमण पर निकले मयूर विहार दिल्ली के भाजपा जिलाध्यक्ष, प्रसिद्ध समाजसेवी व डीपीएमआई के चैयरमेन डॉ. विनोद बछेती ने आज जनपद मुख्यालय पौड़ी पहुंचकर पत्रकारों से वार्ता की। इस मौके पर डॉ. बछेती ने पौड़ी के निकट अपने पैतृक गांव काण्डा (सितोनस्यूं) में अपने करोड़ो रुपये की लागत से नव निर्मित भवन को सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भले ही वह लंबे समय से देश की राजधानी दिल्ली में राजनीतिक व व्यावसायिक रूप से कार्यरत हैं, परन्तु उनकी जड़ें आज भी गढ़वाल से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार वह इगास अपने गांव कांडा में मनाएंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ में निवेश करने को लेकर कई उद्यमी उत्साहित हैं। लेकिन उन्हें नौकरशाही से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता है।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान डॉ. बछेती ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। आज करीब 19 करोड़ सक्रिय कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में करीब 45 लाख से अधिक उत्तराखंडी निवास करते हैं। दिल्ली की 12 विधानसभा क्षेत्र व एक लोक सभा क्षेत्र में उत्तराखंडी निर्णायक की भूमिका में रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। जिसकी स्पष्ट छवि राष्ट्रीय पटल पर दिखती है। पत्रकार वार्ता के दौरान पौड़ी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने डॉ. बछेती का फूलमालाओं के स्वागत किया।वहीँ डॉ. बछेती ने भी हाल में गठित गढ़वाल प्रेस क्लब के समस्त कार्यकरणी मण्डल को भी सम्मामित किया। इस अवसर पर पौड़ी जिला महामंत्री जगत किशोर बड़थ्वाल, नगर अध्यक्ष क्रांति किशोर नेगी, संजय रावत आदि मौजूद थे।
जगमोहन डांगी