पौड़ी गढ़वाल: पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकास खंड कल्जीखाल अंतर्गत नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास खंड की नौ न्याय पंचायतों में 8 दिसंबर से प्रारंभ हुआ, जिसका समापन 4 जनवरी को न्याय पंचायत पांचाली में हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत न्याय पंचायत अगरोड़ा से की गई थी। यह प्रशिक्षण पंचायती राज विभाग उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन में बाल कल्याण महिला शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति, उधम सिंह नगर द्वारा संचालित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें प्रभावी नेतृत्व के लिए सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर कुलदीप बिष्ट एवं रोहित बिष्ट ने प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर निशा रावत ने सहायक की भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर क्षेत्र में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य गौरव सम्मान से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीएलवी जगमोहन डांगी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी द्वारा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत सबसे छोटी इकाई होते हुए भी संवैधानिक रूप से अत्यंत सशक्त है, बशर्ते जनप्रतिनिधियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का पूर्ण ज्ञान हो।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी कुलबेंद्र सिंह राणा ने सभी जनप्रतिनिधियों से गांव के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चौथी बार प्रधान निर्वाचित हुए मदन सिंह रावत (ग्राम पंचायत धारी), अशोक रावत (ग्राम पंचायत पांचाली), दूसरी बार प्रधान बनीं श्रीमती गीता देवी एवं श्रीमती अर्चना देवी, नव निर्वाचित शिक्षित प्रधान श्रीमती ममता नेगी (ग्राम पंचायत दिउसी), श्रीमती रेनू कबटियाल (ग्राम पंचायत बुटली), श्रीमती संगीता देवी (ग्राम पंचायत गढ़कोट) सहित नौ ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
वरिष्ठ प्रधान मदन सिंह रावत ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एक सराहनीय पहल है। उन्होंने समय पर प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया।
जगमोहन डांगी


