पौड़ी गढ़वाल: शिक्षा को हर बच्चे तक पहुँचाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास में शिक्षा से शिखर तक संस्था लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था द्वारा गोद लिए गए लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र, राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कंडुली (बड़ी) में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों को स्टेशनरी, परीक्षा बोर्ड और आंगनबाड़ी में आधुनिक भारत की जरूरतों को देखते हुए स्मार्ट लैपटॉप वितरित किए गए।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रजनी जोशी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तराखंड के एक छोटे से गाँव से हैं और उनके जीवन के 22 वर्ष पहाड़ों की गोद में बीते हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा गांव की माटी से जुड़ी रहना चाहती हैं और यहां के नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगी। उनका उद्देश्य है कि देश का भविष्य ये नोनिहाल समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और विकासशील भारत का हिस्सा बनें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर गीताराम जोशी, शकुंतला जोशी, अजय जोशी सहित गाँव के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिनके करकमलों से यह शुभ कार्य संपन्न हुआ।