pushkar-dhami-satpal-maharaj

देहरादून : मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सपथ ग्रहण से पहले रूठों को मनाने में जुट गए हैं। इसीक्रम में आज धामी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से उनके डालनवाला स्थित आवास में शिष्टाचार भेंट की। इससे पहले आज सुबह मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निवर्तमान तथा पूर्व मुख्यमंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। आज पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले निवर्तमान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भागीरथीपुरम स्थित आवास जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। उसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की। उसके बाद मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खंडूरी के बसन्त विहार स्थित आवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया।

विधायक पुष्कर सिंह धामी थोड़ी अब से देर में उत्तराखंड के 11 वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। धामी के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे या नहीं इसको लेकर अभी असमंजस है। धामी उत्तराखंड के अब तक के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री होंगे।

इस बीच कुछ विधायकों के नाराज होने की खबरें भी चर्चा में आईं  और नाराज नेताओं को मनाने का दौर जारी रहने की खबरें भी राजनीतिक गलियारों में तैरती रहीं। हालाँकि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने नेताओं की नाराजगी को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कहीं-कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने बताया कि पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर बैठक चल रही थी।