Teelu Rauteli Award 2021 : उत्तराखंड की वीरबाला तीलू रौतेली की जयंती पर आगामी 08 अगस्त को प्रदेश सरकार राज्य की 22 महिलाओं को वर्ष 2020-21 का तीलू रौतेली राज्य स्तरीय पुरस्कार भेंट करेगी। विभाग की ओर से शुक्रवार को वर्ष 2020-21 के पुरस्कारों के लिए चयनित महिलाओं के नामों की घोषणा कर दी गई है।
बता दें कि उत्तराखण्ड सरकार द्वारा हर वर्ष समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं एवं युवतियों को गढ़वाल की वीरबाला तीलू रौतेली के जन्मदिन (8 अगस्त) पर “वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार” से सम्मानित किया जाता है। इनमें साहसिक कार्य, सामाजिक कार्य, खेल-कूद, कृषि, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं और युवतियाँ शामिल किया जाता है।
इस बार भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया, स्वरोजगार के क्षेत्र में अलख जगाने वाली श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल की कुमारी अंजना रावत सहित 22 महिलाओं को वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा 22 आंगनबाड़ी पुरस्कारों की घोषणा की गई है। विभाग के उप निदेशक डॉ. एसके सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 08 अगस्त को पुरस्कार के लिए चयनित महिलाओं को पुरस्कृत करेंगे। इस बार 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
इन्हें मिलेगा वर्ष 2020-21 का तीलू रौतेली सम्मान
इस वर्ष Teelu Rauteli Award से प्रदेश की जिन महिलाओं को सम्मानित किया जायेगा उनमे देहरादून से डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान, श्यामा देवी, अनुराधा वालिया, डॉ. कंचन नेगी, उत्तरकाशी से रीना रावत, हरिद्वार से हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, चमोली से चंद्रकला तिवारी, ऊधमसिंह नगर से नमिता गुप्ता, बिंदुवासिनी, उमा जोशी, बागेश्वर से रुचि कालाकोटी, ममता मेहता, पौड़ी गढ़वाल से अंजना रावत, नैनीताल से पार्वती किरौला, अल्मोड़ा से कनिका भंडारी, भावना शर्मा, पिथौरागढ़ से बबीता पुनेठा, दीपिका बोहरा, दीपिका चुफाल, रेखा जोशी, चंपावत से रेनू गडकोटी, टिहरी गढ़वाल से पूनम डोभाल शामिल हैं।
22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी होगा सम्मान
आंगनबाड़ी पुरस्कारों के लिए अल्मोड़ा से गौरा कोहली, पुष्पा प्रहरी, चंपावत से पुष्पा पाटनी, गीता चंद, हरिद्वार से गलिस्ता, देहरादून से अंजना, संजू बलोदी, मीनू, ज्योतिका पांडे, उत्तरकाशी से सुमन पंवार, पौड़ी गढ़वाल से राखी, सुषमा गुसांई, चमोली से आशा देवी, नैनीताल से दुर्गा बिष्ट, ऊधमसिंह नगर से सोहनी शर्मा, वृंदा, प्रोन्नति विश्वास, बागेश्वर से हंसी धपोला, गायत्री दानू, पिथौरागढ़ से हीरा भट्ट, टिहरी से सुषमा पंचपुरी व रुद्रप्रयाग जिले से सीमा देवी को पुरस्कृत किया जाएगा।
कौन थी’ वीरांगना तीलू रौतेली
तीलू रौतेली उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की एक ऐसी वीरांगना, क्षत्राणी जो मात्र 15 वर्ष की आयु में रणभूमि में कूद पड़ी थी और जिसने 15 -22 वर्ष तक की आयु में अपने से कई ताकतवर शाशकों से 7 युद्ध लड़े और सभी में फतह हासिल की। तीलू रौतेली का जन्म 8 अगस्त 1661 में पौड़ी गढ़वाल के गुराड गाँव में भूपसिंह (गोर्ला) रावत के घर हुआ था। 8 अगस्त को वीरबाला तीलू रौतेली का 359वाँ जन्म दिवस है। उनकी जयंती पर प्रदेश सरकार की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को हर साल पुरस्कृत किया जाता है।