पौड़ी : पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के लाखों कर्मचारी 12 जुलाई को देशभर में वृहद वृक्षारोपण करेंगे। संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल बडोनी व महासचिव सीता राम पोखरियाल ने बताया कि प्रान्तीय कार्यकारिणी की 9 जुलाई को आयोजित हुई आॅनलाइन बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि 12 जुलाई को प्रदेश के समस्त कर्मचारी वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का कर्तव्य निभाएंगे साथ ही समस्त राज्यो की सरकारों से पुरानी पेंशन की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार एक वृक्ष भविष्य संरक्षण की मूलभूत आवश्यकता है उसी प्रकार पुरानी पेंशन कर्मचारियों का भविष्य है जिसे संरक्षित करना समस्त सरकारों का दायित्व है। अनिल बडोनी ने बताया कि अक्टूबर 2005 के बाद से कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना से वंचित कर दिया गया है जिसके स्थान पर नई पेंशन योजना को लागू किया गया है जिसमें मिलने वाली पेंशन कर्मचारी की अंतिम आय का 10 प्रतिशत भी नहीं है। कर्मचारियों की वर्षो की मेहनत का यह परिणाम मिल रहा है कि कर्मचारी सेवानिवृत्त होने के बाद अपना जीवन यापन भी ठीक ढंग से नही कर पा रहा है। सरकारों और जन प्रतिनिधियों को भी अवश्य सोचना चाहिये कि उनका भविष्य भी पुरानी पेंशन से संरक्षित किया जाय।
मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल ने बतलाया कि रोपित किये जाने वाले पौधों के सम्बंध में आवश्यक पौध प्राप्त करने हेतु वन विभाग द्वारा आदेश जारी किये जा चुके हैं। समस्त कर्मचारी 12 जुलाई से पूर्व अपने नजदीकी वनक्षेत्राधिकारी से सम्पर्क कर पौधे प्राप्त कर लें। सीताराम पोखरियाल ने कहा कि कर्मचारी घर पर या छत पर गमलों में, कार्यालय, बाग, बगीचे, कहीं भी पौधे लगा सकते हैं साथ ही पुरानी पेंशन की मांग को सोशल मीडिया के माध्यम से वृक्षारोपण करते हुए अवश्य शेयर करें।
दोनो पदाधिकारियों ने आह्वाहन किया कि पुरानी पेंशन की लड़ाई सभी की लड़ाई है इस मांग को जनता के समझने लायक बनाना होगा इसके लिए सामाजिक कार्यों से जोड़कर भी मांगों को रखना आवश्यक है। सभी कर्मचारी वृक्षारोपण को सफल बनाने के लिए एक वृक्ष अवश्य लगाएं। ये पौधा और OPS दोनो भविष्य के लिए हैं। ऑनलाइन बैठक में मिलिन्द बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट, जयदीप रावत, निशा चौहान, योगिता तिवारी, रज्जन कफलटिया, त्रिभुवन बिष्ट, कपिल पांडे इत्यादि शामिल रहे।