पौड़ी गढ़वाल : जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत संचालित होने वाली निजी एम्बुलेंस हेतु किराया दरें निर्धारित की गई हैं। निजी एम्बुलेन्स वाहनों के किराया निर्धारण हेतु जनपद स्तर पर कमेटी गठित की गई थी। जिसमें परिवहन विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे। जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदंडे का कहना है कि निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि बीते 10 मई को मेडिकल कालेज श्रीनगर के कोविड अस्पताल में समाज कल्याण विभाग पौड़ी में सेवारत एक कर्मचारी की कोविड उपचार के दौरान मौत हो गई थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजनों को शव ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। जिसके बाद अस्पताल के मोरचरी में सेवारत कर्मचारियों ने परिजनों को निजी एंबुलेंस संचालक का संपर्क नंबर दिया। निजी एंबुलेंस संचालक ने अस्पताल से तीन किमी दूर श्मशान तक शव ले जाने के लिए 6 हजार रुपये वसूले थे।
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले में निजी एंबुलेंस संचालन के लिए किराया दरें तय कर दी है। जिसमें बेसिक, एसी व आईसीयू कार्डिक एंबुलेंस तीनों सेवाओं की दरें शामिल हैं। बेसिक निजी एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर सहित (नॉन एसी) पर्वतीय क्षेत्र में 15 किमी के दायरे में 900 रूपये, मैदानी क्षेत्रों में 800 रुपए किराया नियत किया गया है। 15 किमी. के बाद प्रति किमी. पर्वतीय क्षेत्रों में 20 रुपए और मैदानी क्षेत्रों में 18 रुपए शुल्क देना होगा।
वहीं निजी एसी एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पर्वतीय क्षेत्र में 15 किमी के भीतर 1100 और मैदानी क्षेत्र में 1 हजार रुपए किराया निर्धारित किया गया है। 15 किमी से अधिक दूर जाने पर पर्वतीय क्षेत्र में प्रति किमी 22 और मैदानी क्षेत्र में 20 रुपए अतिरिक्त धनराशि वहन करनी होगी। आईसीयू कार्डिक एंबुलेंस के लिए 15 किमी के भीतर पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में चालक सहित 3 हजार और नर्सिंग स्टाफ के साथ 4 हजार और डाक्टर के होने पर 6 हजार की धनराशि का भुगतान करना होगा। 15 किमी से अधिक दूर यात्रा के लिए तीमारदार को 45 औ मैदानी क्षेत्रों में 50 रुपए की राशि वहन करनी होगी। इसके साथ ही कोविड मरीज ले जाने के लिए चालक को पीपीई किट, सैनिटाइजर का शुल्क अलग से देना होगा। साथ ही अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाने पर व्यय तीमारदार द्वारा ही किया जाएगा।
जनपद स्तर पर गठित समिति में रावत सिंह सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कोटद्वार, आनन्द वर्धन सम्भागीय निरीक्षक पौड़ी, अनिल कुमार जोशी पुलिस क्षेत्राधिकारी कोटद्वार, प्रेम लाल टम्टा पुलिस क्षेत्राधिकारी पौड़ी एवं डाॅ. अशोक कुमार स्वास्थ्य विभाग पौड़ी को सदस्य नामित किया गया।