coronavirus-covid-19

पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी जनपद के पाबौ ब्लॉक के अंतर्गत पीपली गांव में होम क्वारंटाइन में रह रहे एक प्रवासी की बीते 21 मई को मौत हो गई थी। मृतक शैलेंद्र चमोली कुछ दिन पहले गाजियाबाद से अपने गाँव पीपली लौटा था और होम क्वारंटाइन में रह रहा था। इसी दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद उसका कोरोना सैंपल जाँच के लिए भेजा गया था। आज सोमवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। मृतक के कोराना संक्रमित होने की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन सहित पूरे गाँव में हड़कम्प मच गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे गांव को सील कर दिया है। गाँव में पूरी तरह से आवाजाही प्रतिबंधित है। इसके साथ ही मृतक के शव को जिला चिकित्सालय तक लाने वाले पुलिस कर्मियों समेत उसके सम्पर्क में आये अन्य व्यक्तियों को भी क्वारंटाइन कर लिया गया है।

आज पौड़ी जनपद में जिन 3 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं, उनमे से दो महिलाएं पहले ही जिला चिकित्सालय पौड़ी में आईसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। जबकि तीसरी रिपोर्ट पीपली गाँव का मृतक व्यक्ति की है। कोरोना संक्रमित महिलाओं में से एक महिला एकेश्वर ब्लॉक (सतपाली-रिंगवाड़ी) की रहने वाली है। जो कुछ दिन पहले ही अपने नाती के साथ गुड़गाँव से अपने गांव लौटी थी। महिला के नाती को भी जिला चिकित्सालय में आइसोलेट कर दिया गया है। जबकि दूसरी कोरोना पॉजिटिव महिला पाबौ ब्लॉक की रहने वाली है, और वह भी कुछ दिन पहले गाजियाबाद से यहाँ लौटी थी। दोनों कोरोना पॉजीटिव महिलाओं को राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर में आईसोलेट किया गया है।