Accident near Devprayag: ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। जबकि एक युवक घायल हो गया है।

बछेली खाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल से मिली जानकारी के मुताबिक आज प्रातः लगभग 06:09 बजे MDT के माध्यम से थाना को सूचना प्राप्त हुई कि नेशनल हाइवे 58 पर शिवमूर्ति के पास एक पिकअप वाहन सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे गिर गया है, जिसमे 02 व्यक्ति घायल हैं। सूचना मिलने पर देवप्रयाग सहित आसपास की चौकियों की रेस्क्यू टीमें घटना स्थल पर पहुंची, और रेस्क्यू कार्य शुरू कर खाई में गिरे दोनों घायलों को सड़क पर लाया गया। इनमें से एक घायल की मौत हो गयी। जबकि दूसरे घायल व्यक्ति को CHC बागी, देवप्रयाग में भर्ती किया गया।

घटना में पिकअप चालक सुमित लिंगवाल पुत्र हेम सिंह लिंगवाल (उम्र लगभग 29 वर्ष) निवासी ग्राम बिरसिण, ब्लॉक कोट, पट्टी कंडवालस्यू, जनपद पौड़ी गढ़वाल की सिर पर चोट लगने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई थी तथा मृतक का साथी धीरेंद्र पुत्र सुल्तान सिंह (उम्र लगभग 36 वर्ष) निवासी उपरोक्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा थाना हाजा के सरकारी वाहन से मृतक व घायल को CHC बागी, देवप्रयाग भिजवाया गया है परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ है कि उक्त पिकअप जनपद पौड़ी गढ़वाल के सफदरखाल से ऋषिकेश जा रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम में एएसआई राकेश बिष्ट, कांस्टेबल भूपेंद्र लिंगवाल, अजीत सिंह, फायर मैन अतुल लिंगवाल शामिल थे।