पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास खंड पाबो के अंतर्गत पट्टी बाली कंडारस्यूं के ग्राम सैंजी में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। राहुल गैरोला एवं श्रीमती संतोषी देवी गैरोला अपनी पुत्री रिन्ताशी को नानी के घर ग्राम सैंजी पहली बार लाए। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए कीर्तन-भजन कार्यक्रम के साथ-साथ घर के आंगन में कागजी (नींबू) का समलौण पौधा रोपित किया गया।

परिवार द्वारा जन्मदिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। रोपित पौधे के संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी रिन्ताशी की नानी श्रीमती देवेश्वरी देवी ने ली।

कार्यक्रम का संचालन गांव की समलौण सेना की नायिका श्रीमती गीता देवी ने किया। उन्होंने कहा कि “जीवन तभी सुरक्षित रहेगा जब पेड़-पौधे रहेंगे। वृक्ष हमारे प्राणवायु हैं, इनके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है।” उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जन्म, विवाह व अन्य संस्कारों के अवसर पर समलौण पौधारोपण को अपनाएं।

इस अवसर पर समलौण सेना की सदस्य श्रीमती बबली देवी भंडारी, कान्ति देवी, सरोजिनी देवी, शकुंतला देवी सहित अनेक ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। परिवार की ओर से इस पुण्य कार्य के लिए समलौण सेना को ₹200 की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई।