पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी के लैंसडाउन स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भयांसू में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर कंप्यूटर, यूपीएस, मॉनिटर, चार्जर, ढोलक और अन्य सामान चुरा लिया।
पौड़ी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रा0प्रा0वि0 भयांसू लैंसडाउन की प्रधानाध्यापिका रजनी अडथ्वाल ने 8 अप्रैल को कोतवाली लैंसडाउन में इसकी शिकायत दर्ज दर्ज करायी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रा0प्रा0वि0 भयांसू से स्कूल का ताला तोड़कर वहां से कंम्प्यूटर, UPS, मॉनीटर, चार्जर समेत ढोलक व विद्यालय का अन्य सामान चोरी कर दिया है। इस सम्बन्ध में कोतवाली लैन्सडाउन पर मु0अ0सं0 06/2026, धारा- 305 BNS बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली लैंसडाउन के प्रभारी निरीक्षक को शीघ्र टीम गठित कर मामले का खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।
निर्देशों के क्रम में, प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों और मुखबिरों की मदद से महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की गई।
पुलिस टीम द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही के चलते चोरी की घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया। दीपक ग्राम पाली तल्ली, लैंसडाउन का निवासी है। उसे कोटद्वार रोड हटनिया से चोरी के सामान के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी दीपक को अब न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



